श्री गणेशोत्सव की श्रद्धा, आस्था, आध्यात्मिकता, संगीत और साहित्य का सुंदर संगम लोढ़ा फाउंडेशन द्वारा आयोजित श्री गणेश भक्ति एवं काव्य संध्या में देखने को मिला। यह विशेष आयोजन लोढ़ा फाउंडेशन द्वारा महाराष्ट्र हिंदी साहित्य अकादमी, जैन इंटरनेशनल वुमैन ऑर्गेनाइजेशन (JIWO) की दक्षिण मुंबई इकाई, ज्ञान गंगोत्री काव्य मंच और सिंगिंग सोल्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने भक्ति और साहित्य के सुंदर मिलन को एक विशेष ‘मणिकांचन योग’ प्रदान किया। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायिका पद्मश्री डॉ. सोमा घोष, दिग्गज गायक महेंद्र कपूर के पुत्र और बॉलीवुड अभिनेता एवं गायक रोहन कपूर तथा महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के पूर्व कार्याध्यक्ष डॉ. शीतला प्रसाद दुबे सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियों की मौजूदगी रही। सभी की गरिमापूर्ण उपस्थिति ने कार्यक्रम के सांस्कृतिक और साहित्यिक पहलुओं को और भी समृद्ध किया। कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण दो पुस्तकों का लोकार्पण रहा। लोढ़ा फाउंडेशन की अध्यक्षा डॉ. श्रीमती मंजू मंगल प्रभात लोढ़ा की पुस्तक ‘संवादों का सफर’ के साथ ही डॉ. इंदु चतुर्वेदी की पुस्तक ‘अनामिका’ का भी लोकार्पण किया गया। डॉ. मंजू लोढ़ा ने डॉ. इंदु चतुर्वेदी को उनकी पुस्तक के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाऍं दीं। कार्यक्रम में 8 वर्षीया बालिका कु. तारूषी लोढ़ा ने गणपति उत्सव की शुरुआत और गणपति बप्पा को घर लाने की सुंदर परंपरा की कहानी साझा की। उनकी मासूम और ज्ञानवर्धक प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर अमारी कैपिटल के डायरेक्टर वरुण बाफना द्वारा सभी प्रतिभागियों के लिए विशेष उपहार प्रायोजित किये गये। कार्यक्रम में विभिन्न महिलाओं द्वारा भावपूर्ण नृत्य एवं गायन प्रस्तुतियाॅं भी दी गईं। इन प्रस्तुतियों ने उनकी प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी को दर्शाया। भक्ति संगीत, काव्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उल्लासमय बना दिया। साथ ही कलाकारों ने श्री गणेशोत्सव की भक्ति भावना के साथ साहित्य और कला के प्रति सम्मान को भी बखूबी अभिव्यक्त किया। इस कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश सामने आया कि संगीत, साहित्य और सांस्कृतिक सहभागिता समाज को जोड़ने और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का सुंदर माध्यम हैं। कार्यक्रम का समापन श्री गणेश की भावपूर्ण आरती के साथ हुआ। सभी उपस्थित लोगों ने भक्ति और कृतज्ञता के भाव से आरती में सहभागिता की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की मंगलकामना की।



