रायन इंटरनेशनल स्कूल एवं रायन ग्लोबल स्कूल, चेंबूर ने दो प्रतिष्ठित सम्मानों से अपनी उपलब्धियों की सूची में दो और गौरवपूर्ण अध्याय जोड़े हैं। यह जानकारी देते हुए रायन इंटरनेशनल स्कूल की वरिष्ठ अध्यापिका और मुंबई की वरिष्ठ साहित्यकार श्रीमती प्रमिला शर्मा ने बताया कि उनके विद्यालय को जीवन-कौशल कार्यक्रमों के उत्कृष्ट क्रियान्वयन तथा सर्वाधिक प्रभावशाली शिक्षण पद्धतियों के लिए मीमांसा स्कूल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि को और भी विशेष बनाते हुए, विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. दीपाली गोरेगाॅंवकर को दिल्ली के होटल हयात सेंट्रिक, जनकपुरी में आयोजित वर्ष 2026 के ग्लोबल आइकॉन अवॉर्ड्स समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट नेतृत्व पुरस्कार से सम्मानित किया गया। ये प्रतिष्ठित सम्मान विद्यालय की शैक्षिक उत्कृष्टता, गुणवत्तापूर्ण बुनियादी सुविधाओं तथा प्रगतिशील नेतृत्व के प्रति प्रगाढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्टता प्राप्त करने की उसकी भावना को और सुदृढ़ करती है। इन गौरवपूर्ण अध्यायों के लिए स्कूल प्रबंधन और पुरस्कार विजेताओं के अभिनंदन का सिलसिला निरंतर जारी है।




