
मुंबई, 15 सितम्बर। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, नवी मुंबई द्वारा वर्ष 2023-24 के दौरान अखिल भारतीय स्तर पर ‘ख’ क्षेत्र की नगर राजभाषा कार्यान्वयन समितियों की श्रेणी के अंतर्गत राजभाषा कार्यान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए नराकास राजभाषा सम्मान पुरस्कार के प्रथम स्थान की राजभाषा शील्ड एवं प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया गया है। उल्लेखनीय है कि नराकास, नवी मुंबई को यह महत्वपूर्ण पुरस्कार छठी बार प्राप्त हुआ है।
इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के अंतर्गत रविवार, 15 सितम्बर, 2024 को भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित ‘हिंदी दिवस एवं चतुर्थ अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन’ में भारत के गृह राज्य मंत्री नित्यानन्द राय द्वारा नराकास, नवी मुंबई के अध्यक्ष एवं कोंकण रेलवे के सीएमडी सन्तोष कुमार झा तथा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के सदस्य सचिव सत्येंद्र कुमार शुक्ला को नराकास राजभाषा सम्मान के प्रथम स्थान की राजभाषा शील्ड एवं प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि कोंकण रेलवे विगत सात वर्षों से नराकास, नवी मुंबई के कार्य संचालन का महत्वपूर्ण दायित्व बखूबी सुनिश्चित कर रही है।
