पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल पर हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में 17 से 30 सितम्बर 2025 तक राजभाषा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। पखवाड़े की शुरुआत महाप्रबंधक पश्चिम रेलवे एवं मंडल रेल प्रबंधक रतलाम के हिंदी दिवस संदेश वाचन के साथ हुई।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पखवाड़ा के शुभारंभ अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार ने अपने संदेश में कहा कि रतलाम मंडल के विभिन्न विभागों द्वारा राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार में सराहनीय कार्य किया गया है, फिर भी इसमें और अधिक प्रयास की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों, विशेषकर ई-ऑफिस पर कार्य करते समय अधिक से अधिक हिंदी के प्रयोग करने के बारे में कहा । श्री कुमार ने आगे कहा कि हमें सभी भाषाओं के सरल एवं प्रचलित शब्दों को आत्मसात करते हुए हिंदी को सुगम और सर्वव्यापी बनाना है।
इस अवसर पर अधिकारियों के लिए राजभाषा प्रश्नमंच प्रतियोगिता, हिंदी सुलेखन प्रतियोगिता, हिंदी निंबंध प्रतियोगित का आयोजन भी किया गया। पखवाड़े के दौरान कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए हिंदी निबंध लेखन, हिंदी टिप्पणी एवं प्रारूप लेखन, वाक प्रतियोगिता, प्रश्नमंच आदि विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
इस दौरान प्रसिद्ध साहित्यकार रामधारी सिंह दिनकर की जयंती के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। पखवाड़े का समापन 30 सितम्बर को किया जाएगा, जिसमें राजभाषा हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।




