देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कला, संस्कृति, समाजसेवा, व्यवसाय, शिक्षा, मीडिया प्रबंधन, जनसम्पर्क, प्रशासन एवं अन्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विशिष्ट हस्तियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से देश की प्रमुख सामाजिक संस्था “स्नेहा इवेंट्स एंड मैनेजमेंट” द्वारा आयोजित ‘विन्ध्य आईकॉनिक बिजनेस अवॉर्ड – सीज़न 2’ के पुरस्कार विजेताओं की घोषणा कर दी गई है। इस वर्ष सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) संजय पाटिल को लोक सेवा एवं कानून प्रवर्तन के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय योगदान के लिए सम्मानित किया जायेगा। इनके साथ ही सुप्रसिद्ध गीतकार, मीडिया एवं जनसम्पर्क सलाहकार तथा महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के निवर्तमान कार्यकारी सदस्य गजानन महतपुरकर सहित कुल 21 विशिष्ट हस्तियों को प्रतिष्ठित ट्रॉफी एवं सम्मान-पत्र प्रदान किए जायेंगे।

यह जानकारी देते हुए आयोजक संस्था के डायरेक्टर विष्णु मिश्रा ने बताया कि यह भव्य सम्मान समारोह शुक्रवार 7 अगस्त, 2026 को सायं 4:00 बजे मुंबई के लोअर परेल स्थित लोढ़ा एड्रिना बिल्डिंग के सभागार में आयोजित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि गजानन महतपुरकर ने राजस्थान के अजमेर में लगभग एक दशक तक सफल पत्रकारिता करने के पश्चात पश्चिम रेलवे के मुंबई स्थित मुख्य जनसम्पर्क विभाग में लगभग 28 वर्षों तक उत्कृष्ट सेवाएँ देते हुए वरिष्ठ जनसम्पर्क अधिकारी के पद से सेवानिवृत्ति प्राप्त की। वर्तमान में आप प्रतिष्ठित गीतकार, मंच संचालक, साहित्यकार तथा मीडिया एवं जनसम्पर्क सलाहकार के रूप में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले वर्ष आपके द्वारा रचित “श्रीराम मंगलगान” के संगीत वीडियो और विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर बनी लघु फिल्मों ने सोशल मीडिया पर व्यापक लोकप्रियता हासिल की है। इस समारोह में सम्मानित होने वाली अन्य प्रमुख हस्तियों में गेह युनिवर्सिटी के संस्थापक डॉ. बी. के. सरकार, गोवा के वरिष्ठ समाजसेवी एवं व्यवसायी के. के. चतुर्वेदी, इंडिया फाइन आर्ट्स काउंसिल के अध्यक्ष हरेश मेहता, अंतरराष्ट्रीय योग गुरु सोहित योगी, कॉर्पोरेट लॉयर एवं सोशल एक्टिविस्ट संदीप कुमार सिंह, अमेरिका से आईं रिसर्च गुरु डॉ. रीना सिंह, स्टार बुल्स ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर प्रकाश तरिहालकर, डीएनए लॉजिस्टिक्स के मैनेजिंग डायरेक्टर आशीष मिश्रा, बीएफसीए के अध्यक्ष, समाजसेवी एवं युवा उद्यमी अंकुल त्रिपाठी, युवा उद्योगपति एवं समाजसेवी आनंद त्रिपाठी, मार्स लॉजिस्टिक ग्रुप ऑफ कम्पनीज़, मुंबई के अध्यक्ष एस. आई. पांडेय, प्रख्यात ज्योतिषाचार्य एवं लेखिका पूनम शुक्ला, बॉलीवुड के कास्टिंग डायरेक्टर संजय शुक्ला, चार्टर्ड अकाउंटेंट एवं सोशल एक्टिविस्ट रमेश नागर, वरिष्ठ राजनीतिज्ञ एवं समाजसेवी राजकुमार चंदन, वरिष्ठ सिनेमैटोग्राफर नदीम खान, हेन्नावेदा कॉर्पोरेशन के श्याम सुंदर टाक, शीतल ग्रुप की चेयरपरसन बीना पंड्या तथा हिंदी फीचर फिल्म “प्रीत के बंधन” के चर्चित अभिनेता चंद्रकांत द्विवेदी मुख्य रूप से शामिल हैं। समारोह की मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार तथा लोढ़ा फाउंडेशन की अध्यक्षा डॉ. मंजू मंगल प्रभात लोढ़ा होंगी। मशहूर बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल सेलिब्रिटी अतिथि के रूप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज करायेंगी। समारोह की अध्यक्षता पूर्व विधायक नारायण त्रिपाठी करेंगे, जबकि सुप्रसिद्ध मंच संचालक अविनाश त्रिपाठी समारोह का मंच संचालन करेंगे। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये जायेंगे।





